Home » Uncategorized » तीन साल में कांग्रेस ने हिमाचल को कंगाली, अराजकता और अव्यवस्था की कगार पर पहुंचाया: विश्व चक्षु

तीन साल में कांग्रेस ने हिमाचल को कंगाली, अराजकता और अव्यवस्था की कगार पर पहुंचाया: विश्व चक्षु

धर्मशाला : भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार अब सरकार नहीं रही, बल्कि हिमाचल के लिए सबसे बड़ी आपदा बन चुकी है। तीन साल में कांग्रेस ने प्रदेश को आर्थिक दिवालियापन, प्रशासनिक लाचारगी और जनविरोधी फैसलों की भट्ठी में झोंक दिया है।

2023 से अब तक केंद्र ने आपदा राहत में दिए 6000 करोड़ से अधिक

एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस के झूठे आरोपों के विपरीत केंद्र सरकार हर आपदा में हिमाचल के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पोस्ट डिज़ास्टर नीड्स असेसमेंट (PDNA) के तहत हिमाचल प्रदेश को 601 करोड़ 92 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है, जो आपदा से हुए नुकसान की भरपाई और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे पूर्व भी केंद्र सरकार द्वारा 451 करोड़ की राशि पीडीएनए के तहत दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक आई प्राकृतिक आपदाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा आपदा राहत मद में ही लगभग 6000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हिमाचल प्रदेश को दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित अन्य सहायता पैकेज और विशेष घोषणाएं इसके अतिरिक्त हैं। एडवोकेट विश्व चक्षु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब-जब हिमाचल संकट में पड़ा, केंद्र सरकार ने बिना भेदभाव मदद का हाथ बढ़ाया, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सिर्फ श्रेय की राजनीति और भ्रम फैलाने में लगी रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की संवेदनहीनता का सबसे शर्मनाक चेहरा यह है कि 94 साल के बुजुर्ग महीनों से पेंशन के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकार गरीब की जेब काटकर जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं से 1 लाख नौकरियों का वादा कर सत्ता हथियाई, लेकिन भर्ती प्रक्रियाएं ठप हैं, परीक्षाएं टल रही हैं और युवा हताश होकर पलायन को मजबूर हैं। यह सरकार युवाओं के भविष्य की कातिल बन चुकी है। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से आई आपदा राहत का सही उपयोग नहीं हुआ, पंचायतों की ग्रांट गायब है और पीड़ित आज भी मुआवजे की बाट जोह रहे हैं। कांग्रेस सरकार के हाथ राहत नहीं, हिसाब देने से कांप रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, बस किराया बढ़ाकर नए-नए चार्ज थोपकर कांग्रेस सरकार ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। यह सरकार जनकल्याण नहीं, जनशोषण का मॉडल चला रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जागरूक जनता सब देख रही है। 2027 में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को झूठ, लूट, नाकामी और अहंकार का करारा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *