Home » Uncategorized » चम्बा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 किलो से अधिक चरस के साथ जम्मू का व्यक्ति गिरफ्तार

चम्बा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 किलो से अधिक चरस के साथ जम्मू का व्यक्ति गिरफ्तार

चंबा: चम्बा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की है। क्रिसमस की शाम नड्डल-खैरी संपर्क मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने 5.128 किलोग्राम चरस बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार थाना खैरी की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मर्नान चौक के पास एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं, जिसके चलते पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 60 वर्षीय बिशन दास पुत्र बर्फी के रूप में हुई है, जो गांव सांधी, डाकघर टप्पर, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खैरी में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने कहा कि नशे के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार और सख्ती से जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *