Home » Uncategorized » शिमला में दिल दहला देने वाली घटना, आवारा कुत्ते के मुंह में मिला मृत नवजात

शिमला में दिल दहला देने वाली घटना, आवारा कुत्ते के मुंह में मिला मृत नवजात

Oplus_131072

शिमला: राजधानी शिमला में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। शहर के रिहायशी इलाके देवली कॉलोनी में एक आवारा कुत्ता अपने मुंह में नवजात शिशु को लेकर घूमता दिखाई दिया। यह मामला पुलिस थाना ढली का है। घटना को देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मौके से बरामद नवजात शिशु एक लड़का था, जो मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस के मुताबिक शिशु के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर घाव थे। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी आवारा कुत्ते ने उसे नोचा या खाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर बिसरा सहित अन्य आवश्यक नमूने सुरक्षित कर लिए हैं। पुलिस नवजात शिशु की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगातार पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि शिशु को किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा गया। एक संभावना यह भी है कि जन्म के बाद किसी तरह के सामाजिक या पारिवारिक दबाव अथवा खुलासा होने के डर से नवजात को लावारिस छोड़ दिया गया हो। हालांकि, इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। शिशु की पहचान न हो पाने के कारण शव को फिलहाल आईजीएमसी शिमला के शवगृह में रखा गया है। इस मामले में पुलिस थाना ढली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 94 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है। चाहे वह लापरवाही का मामला हो या इसके पीछे कोई आपराधिक कृत्य। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *