लाइव हिमाचल/सोलन: गीता आदर्श विद्यालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए उत्क्रांति कार्यक्रम के अंतर्गत विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ स्नेह शर्मा, सह प्रधानाचार्या पंपोश गुप्ता अध्यापक वर्ग तथा विद्यार्थी मौजूद रहे। वहीं कक्षा ग्यारहवीं के छात्रों ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सह प्रधानाचार्या तथा अध्यापक गण द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा श्रीमद् भागवत गीता के 11वें अध्याय का उच्चारण किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको जीवन के मार्ग पर एकाग्रता के साथ कर्तव्य परायणता को महत्व देते हुए कर्मशील होकर ध्येय प्राप्त करना चाहिए। ईश्वर को हमेशा याद करके आगे बढ़ते रहना चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के नृत्य, हास्य लघु नाटिका, तथा नाटी प्रस्तुत की गई। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या तथा सह प्रधानाचार्या द्वारा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न सप्रेम उपहार में दिया गया। विद्यालय की सह प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को अनुशासनबद्ध होकर निरंतर प्रयास करते हुए समय का सदुपयोग करते हुए सहजता से आगे बढ़ने की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही भारत का भविष्य है उन्हें प्रतिभाशाली होकर सर्वश्रेष्ठ बनना चाहिए।निर्णायक मंडल द्वारा मिस्टर ओबेडिएंट अक्षित और मिस ओबेडिएंट अंकिता को चुना गया तो मिस्टर पॉपुलर सत्यम और मिस पॉपुलर नाम्या चुनी गई। मिस्टर पर्सनेलिटी आरित और मिस पर्सनैलिटी वंशिका बाली को चुना गया। ऑल राउंडर मिस्टर शुहूल तथा मिस ऑल राउंडर विभूति बने। मिस वालंटियर अनन्या तथा मिस्टर वालंटियर गौरव को चुना गया। मिस्टर जिएवियन का खिताब सक्षम पुंडीर तथा मिस जिएवियन का खिताब वंशिका गांधी को मिला। वहीं विद्यालय के प्रधान एल के बंसल तथा गणमान्य सदस्यों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।





