Home » Uncategorized » जयनगर कॉलेज में एनएसएस शिविर शुरू…

जयनगर कॉलेज में एनएसएस शिविर शुरू…

सोलन : राजकीय महाविद्यालय, जयनगर में एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर का उद्घाटन समारोह महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. अंजना सूद ने की। उद्‌घाटन अवसर पर प्राचार्या ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा एनएसएस के महत्व और भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनएसएस विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा सेवा भावना का विकास करता है और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह शिविर प्रो. जयंत शर्मा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, के समन्वय में आयोजित करवाया जा रहा है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों के समग्र विकास के उद्देश्य से व्याख्यान श्रृंखला का भी आयोजन करवाया जा रहा है, जिसमें करियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा के अवसर, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक मुद्दों से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रथम दिवस पर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। द्वितीय दिवस को विद्यार्थियों ने जयनगर के समीप स्थित मंदिर की साफ-सफाई की तथा सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता का संदेश दिया। तृतीय दिवस की स्वयंसेवकों ने जयनगर के समीप जल स्रोतों की सफाई की और जल संरक्षण एवं स्वच्छ जल के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रातःकालीन योग अभ्यास भी किया गया, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिला। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और आपसी सहयोग एवं एकता की भावना को सुदृढ़ किया।यह एनएसएस शिविर राजकीय महाविद्यालय, जयनगर की सामाजिक सरोकारों, सामुदायिक सेवा तथा समग्र छात्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *