Home » Uncategorized » बीबीएन में हालात चिंताजनक: बद्दी की हवा बनी ज़हरीली…

बीबीएन में हालात चिंताजनक: बद्दी की हवा बनी ज़हरीली…

लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. एक ओर औद्योगिक शहर बद्दी में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर नालागढ़ और आसपास के इलाकों में घना कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। बद्दी का एयर क्वालिटी इंडेक्स 345 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है. स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि बद्दी की हवा देश की राजधानी दिल्ली के प्रदूषण स्तर के बराबर पहुंच गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी खराब हवा बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए अत्यंत नुकसानदायक साबित हो सकती है. इधर, मौसम में बदलाव के चलते बीबीएन क्षेत्र में कोहरा और धुंध छा गई है. नालागढ़ और आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है. कोहरे के कारण ठंड में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. लोग केवल जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. घने कोहरे के चलते सड़क हादसों का खतरा भी बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वायु प्रदूषण पर सख्त कदम उठाने की मांग की है. साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे कोहरे के दौरान लाइट और डिपर का सही उपयोग करें और पूरी सावधानी से वाहन चलाएं. कुल मिलाकर बीबीएन क्षेत्र में जहरीली हवा और घना कोहरा लोगों के लिए दोहरी चुनौती बन चुके हैं, ऐसे में प्रशासन और आम जनता दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार, 200 से 300 के बीच का एक्यूआई स्तर खराब श्रेणी में आता है और 300 से 400 के मध्य का स्तर बहुत अधिक खराब श्रेणी यानी वेरी पुअर कंडीशन में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक रहने से आम लोगों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या हृदय रोग से पीड़ित व्यक्तियों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *