हमीरपुर : युवक ने अपने ही गांव की युवती से प्रेम विवाह किया तो जमाना दुश्मन बन गया. समाज ने बहिष्कार कर दिया. हालात खराब होने लगे और फिर युवक के घर को भी जलाने की कोशिश की गई. मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले का है. यहां पर एक युवक-युवती को लव मैरिज करने पर सामाजिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है. जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के बड़सर में कोर्ट में लव मैरिज करने पर एक परिवापर को सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में अब पूरा परिवार डरे के माहौल में जी रहा है. जानकारी के अनुसार, बड़सर के करेर गांव के 30 वर्षीय युवक और 23 वर्षीय युवती ने अक्टूबर में दिल्ली की एक कोर्ट में लव मैरिज की थी. दोनों बालिग हैं, लेकिन लड़की वाले रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। युवक के पिता ने बताया कि वह बीते 30 साल से अपने ससुराल में रह रहे थे क्योंकि उनकी सास की देखभाल के लिए कोई नहीं था. अब उनके बेटे ने गांव की लड़की के साथ कोर्ट मैरिज की. इस पर लड़कीवालों ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर परिवार का सामाजिक बहिष्कार करवा दिया। देशराज का आरोप है कि 1 दिसंबर को गांव में एक शादी समारोह के दौरान उनके घर को आग लगाने का प्रयास किया गया. इसी दौरान उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई. घटना की शिकायत 2 दिसंबर को भोटा पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. डर की वजह से युवती औऱ युवक दिल्ली में हैं और गांव नहीं लौट रहे हैं।





