शिमला: भारत और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट मैच पर बारिश का साया है। रविवार शाम को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैच होना है। इस दौरान बूंदाबांदी की आशंका है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। शनिवार शाम को मनाली-लेह मार्ग के बारालाचा, शिंकुला दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर फाहे गिरे। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। बिलासपुर और मंडी जिला के कई क्षेत्रों में शनिवार सुबह और शाम के समय कोहरा दर्ज किया गया। रविवार के लिए भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से रविवार को लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा के धौलाधार में बर्फबारी हिमपात का पूर्वानुमान है। 15 दिसंबर से प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है। कुल्लू जिला प्रशासन ने मनाली–दारचा सड़क पर 14 और 15 दिसंबर 2025 को रात 9:30 बजे से प्रातः 05:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रखने का फैसला लिया है। शुक्रवार रात को राज्य के 11 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है।





