शिमला: भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय के नवनिर्मित होने वाले शिलान्यास स्थल का निरीक्षण किया। शनिवार सुबह 10:00 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की ओर से प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि बिहार में एनडीए और भाजपा की प्रचंड विजय के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का हिमाचल में यह पहला आगमन है और पीटरहॉफ मैदान में हजारों कार्यकर्ता उनका भव्य अभिनंदन करेंगे। डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष केवल भाजपा को गाली देने में निकल गए। करोड़ों रुपये खर्च कर आयोजित उनके सरकारी समारोह में भी जनता के मुद्दे नहीं उठे, विकास का एक भी ठोस बिंदु नहीं था और पूरा कार्यक्रम आपसी टकराव तथा भाजपा पर अनर्गल आरोपों की राजनीति में बदल गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार न अपने पुराने संकल्प पूरे कर पाई और न ही नए संकल्पों पर जनता को कोई विश्वास है। जो सरकार तीन वर्ष में एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी, उसका नया संकल्प कार्यक्रम सिर्फ हिमाचल की जनता के साथ धोखा है।





