Home » Uncategorized » शिमला में दर्दनाक हादसा: मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से आउटसोर्स कर्मचारी की हुई मौत…

शिमला में दर्दनाक हादसा: मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से आउटसोर्स कर्मचारी की हुई मौत…

शिमला : बिजली लाइन की मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जैसे ही पावर सप्लाई बहाल की गई तो युवक अचानक बिजली की चपेट में आ गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय हिमांशु चौहान के रूप में हुई है, जो बिजली बोर्ड में आउटसोर्स पर कार्यरत था। यह हादसा शिमला जिले के जुब्बल थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम आईटीआई गेट के पास हुआ जब वह ड्यूटी के दौरान नियमित लाइन मेंटेनेंस का काम कर रहा था। हिमांशु मूल रूप से जुब्बल के परौंठी गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रहा था। उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हिमांशु अविवाहित था। पुलिस को हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मरम्मत कार्य समाप्त होने के तुरंत बाद बिजली बहाल होते ही लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसके संपर्क में आते ही हिमांशु बुरी तरह झुलस गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कार्यस्थल पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कर्ण की शिकायत पर थाना जुब्बल में मामला दर्ज किया गया है। जुब्बल पुलिस ने बीएनएस की धारा 125 और 289 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुब्बल के एसएचओ ने शुक्रवार को बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *