Home » Uncategorized » बिलासपुर पुलिस ने युवकों से 3 किलो 650 ग्राम चरस की बड़ी खेप पकड़ी…

बिलासपुर पुलिस ने युवकों से 3 किलो 650 ग्राम चरस की बड़ी खेप पकड़ी…

घुमारवीं : थाना घुमारवीं पुलिस ने गश्त और यातायात जांच के दौरान नशा माफिया पर कार्रवाई करते हुए एक कार से कुल 3 किलो 650 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर के 3 युवकों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी मस्त राम से मिली जानकारी के अनुसार, थाना घुमारवीं की टीम कुह मझवाड़ के समीप घुलातर में वाहनों की नाकाबंदी कर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक कार को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से चरस बरामद की गई। वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह (25), निवासी गांव हयातनगर, डाकघर व जिला गुरदासपुर, पंजाब, मनप्रीत (24) निवासी जेल रोड, इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट कॉलोनी, नजदीक रवीदास चौक, गुरदासपुर, पंजाब व अमित कुमार (27) निवासी गांव बतई, डाकघर व तहसील भाला, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर थाना घुमारवीं लाया गया, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी छानबीन कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई और कहां ले जानी थी तथा पकड़े गए आरोपियों की पिछली हिस्ट्री भी खंखाली जा रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता जारी है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *