Home » Uncategorized » सोलन पुलिस लाइन में मासिक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित…

सोलन पुलिस लाइन में मासिक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित…

लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन के पुलिस लाइन कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को मासिक जिला स्तरीय अपराध समीक्षा एवं पुलिस जवानों के कल्याण से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की, जिसमें सोलन जिले के सभी पर्यवेक्षक अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस लाइन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान वर्ष 2025 में जिले में दर्ज सभी आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि थाना स्तर पर लंबित पड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम रिपोर्ट समय से माननीय न्यायालयों में भेजी जा सके।

NDPS एक्ट के तहत जिले में की गई फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और PIT NDPS एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना धर्मपुर, परवाणु और सदर के थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी अधिकारियों को संगीन अपराधों, नशीले पदार्थों की तस्करी तथा साइबर अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराध में संलिप्त आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मामलों की अंतिम रिपोर्ट संबंधित अदालतों में भेजने के आदेश दिए गए। इस बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि थाना व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर ठगी से बचाव के बारे में जागरूक करें। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई और कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया। अधिकारियों ने सभी पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी सेवाएं देने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार, डीएसपी परवाणु अनिल शर्मा, डीएसपी लीव रिजर्व अशोक चौहान सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *