Home » Uncategorized » हिमाचल : मरीज की छाती में था जिंदा कॉकरोच! X-ray देख उड़े सबके होश- हुआ कुछ ऐसा

हिमाचल : मरीज की छाती में था जिंदा कॉकरोच! X-ray देख उड़े सबके होश- हुआ कुछ ऐसा

लाइव हिमाचल/सोलन : हिमाचल प्रदेश में एक कॉकरोच वाले X-ray पोस्ट ने पिछले दो दिनों में जबरदस्त हलचल मचा दी है। कभी सोलन के अस्पताल का नाम लगाकर, कभी शिमला, तो कभी बद्दी अस्पताल से जोड़कर शेयर की जा रही इस X-ray रिपोर्ट ने आम लोगों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग को भी चिंता में डाल दिया। दरअसल, शुक्रवार देर रात से एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही थी। जिसमें तीन X-ray फिल्में दिखाई दे रही थीं। दावा किया गया कि एक विदेशी पर्यटक के सीने में जिंदा कॉकरोच दिखाई दिया और यह मामला हिमाचल प्रदेश के किसी सरकारी अस्पताल में सामने आया। इस पोस्ट में कहानी भी बेहद ड्रामेटिक तरीके से गढ़ी गई। बताया गया कि सिंगापुर से आया एक यात्री सोलन जिला अस्पताल पहुंचा- उसे सीने में दर्द था। डॉक्टरों ने X-ray किया तो रिपोर्ट में उसके फेफड़ों के पास जिंदा कॉकरोच नजर आया। डॉक्टरों ने उसे तुरंत वापस सिंगापुर लौटने की सलाह दी और बाद में सिंगापुर के डॉक्टरों ने पाया कि कॉकरोच मरीज में नहीं, बल्कि X-ray मशीन में था! कुछ ही घंटों में यही पोस्ट शिमला, बद्दी और अन्य क्षेत्रों के अस्पतालों का नाम बदल-बदलकर पोस्ट की जाने लगी। नाम अलग, कहानी वही और X-ray लगातार एक ही। वायरल पोस्ट की रफ्तार देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया। अधिकारियों के अनुसार तस्वीरें देखकर ही साफ था कि ये एडिटेड और AI-जनरेटेड छवियां हैं। हिमाचल के किसी भी अस्पताल में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई और X-ray मशीन में कॉकरोच दिखने जैसी कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत है। विभाग ने इसे भ्रामक और डर फैलाने वाली पोस्ट बताया और लोगों से अपील की कि ऐसी फर्जी सामग्री शेयर न करें, क्योंकि इसका सीधा असर अस्पतालों में आ रही OPD और रेडियोलॉजी सेवाओं पर पड़ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वायरल पोस्ट ने लोगों के मन में ऐसा डर बैठाया कि सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में शनिवार सुबह तक होने वाले नियमित एक्स-रे की संख्या कम हो गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने भी ली जानकारी

मामला बढ़ता देख स्वास्थ्य मंत्री ने भी तुरंत सोलन अस्पताल प्रबंधन से बात की और पूरी स्थिति की जानकारी मांगी। अस्पताल प्रशासन ने मंत्री को स्पष्ट किया कि X-ray मशीन पूरी तरह सुरक्षित और सही काम कर रही है। किसी भी विदेशी पर्यटक का ऐसा मामला सामने नहीं आया है और वायरल तस्वीरें किसी AI टूल से बनाई गईं प्रतीत होती हैं।

AI से तैयार की गई भ्रामक पोस्ट

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया सोशल मीडिया पर चल रही X-ray रिपोर्ट फर्जी और AI-जनरेटेड है। अस्पताल में ऐसा कोई मामला हुआ ही नहीं। लोग अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि इस तरह की पोस्ट न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में अनावश्यक अविश्वास पैदा करती हैं, बल्कि मरीजों को भी डर में डाल देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *