Home » Uncategorized » मारकंडा नदी पर खजूरना पुल का निर्माण तेज़ी से जारी, मार्च 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य

मारकंडा नदी पर खजूरना पुल का निर्माण तेज़ी से जारी, मार्च 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य

नाहन : नेशनल हाईवे कालाअम्ब–पांवटा साहिब–देहरादून (NH-07) पर निर्माणाधीन खजूरना पुल का कार्य इन दिनों तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। जिला मुख्यालय नाहन से करीब 8 किलोमीटर दूरी पर मारकण्डा नदी पर बनाए जा रहे इस पुल से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 180 मीटर लंबे इस आधुनिक पुल के निर्माण पर केंद्र सरकार के सहयोग से लगभग 32 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। इससे पहले मारकंडा नदी पर बना पुराना पुल अपनी आयु पूरी कर चुका था, जिसके चलते सुरक्षा को देखते हुए नए पुल का निर्माण आवश्यक माना गया। नया पुल तैयार होने के बाद NH की लगभग 400 मीटर दूरी भी कम हो जाएगी, जिससे यात्रा समय घटेगा और ट्रैफिक भी सुचारू रहेगा। NHAI नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ई. राकेश खंडूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य तेज़ रफ्तार से चल रहा है और विभाग का लक्ष्य है कि मार्च 2026 तक पूरा पुल जनता के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा रहा। अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि पुल के दोनों किनारों पर पैदल यात्रियों के लिए विशेष फुटपाथ बनाए जा रहे हैं, ताकि लोग सुरक्षित ढंग से पुल पार कर सकें। इससे पैदल यात्रियों और वाहनों दोनों के लिए यातायात और भी सुरक्षित और व्यवस्थित होगा। खजूरना पुल का निर्माण पूरा होने पर न केवल NH-07 का दबाव कम होगा, बल्कि नाहन व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना जिले में सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *