Home » Uncategorized » पच्छाद में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, वासनी बाजार से 4 लीटर शराब बरामद

पच्छाद में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, वासनी बाजार से 4 लीटर शराब बरामद

नाहन: जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। पुलिस थाना पच्छाद के प्रभारी अपने दल सहित मढीघाट, जयहर, वासनी, नारग आदि क्षेत्रों में गश्त एवं गुप्त सूचनाएं एकत्र करने हेतु रवाना हुए थे। गश्त के दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि वासनी बाजार में रविदत्त पुत्र वासनी, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर, अपनी चाय एवं पानी की दुकान में अवैध शराब बेचने का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत हरकत में आ गई और बिना समय गंवाए आरोपी की दुकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान दुकान के साथ ही बने एक अलग लेटिंग में रखे नीले रंग के ड्रम की जांच की गई। ड्रम खोलने पर पुलिस को दो-दो लीटर की दो बोतलें मिलीं, जिनमें कुल 4 लीटर नाजायज, कशीदशुदा शराब भरी हुई थी। पुलिस ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी रविदत्त के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी शराब की आपूर्ति कहां से प्राप्त करता था और किन लोगों को बेचता था। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अवैध शराब, नशे के कारोबार या किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि की जानकारी बिना झिझक पुलिस को दें। पच्छाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा एवं अवैध शराब माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *