शिमला: सेना से सेवानिवृत्त कर्मचारियों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में ठगी का शिकार हुए डंगोह खास के निवासी राजेंद्र सिंह सहित कुल 15 पूर्व फौजियों ने थाना गगरेट में शिकायत दी है। इस शिकायत के आधार पर श्रेया इंफ्रा मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ समेत इससे जुड़ी कंपनियों के संचालकों पर गगरेट थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों ने ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर व बिलासपुर जिलों के 327 से अधिक लोगों से करीब 6.09 करोड़ रुपये जमा करवाए और रिटर्न के नाम पर 14.41 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ठगी। पूर्व फौजियों को विश्वास दिलाया गया था कि निवेश की गई रकम 15 से 18 महीने में दोगुनी कर दी जाएगी और प्लॉट भी अलॉट किया जाएगा, लेकिन न तो प्लाट दिए और न रकम वापस की गई। साथ ही यह भी कहा गया कि यह स्कीम सिर्फ फौजियों के लिए है।
आरोपित हेमंत कुमार राय, संगीता राय, श्रेया राय, राजेश कुमार सिंह, रेखा, अवधेश कुमार सिंह, सरिता यादव समेत कंपनी से जुड़े कई लोगों पर आरोप है कि उन्होंने विभिन्न जिलों में होटल की मीटिंगों, स्टार पार्टी व प्रलोभन भरे भाषणों के जरिए निवेशकों को आकर्षित किया। निवेशकों का आरोप है कि शुरू-शुरू में कुछ किस्तें देकर विश्वास बनाया गया ताकि बाकी लोग भी निवेश करें, लेकिन बाद में कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया। इसके अलावा इस कंपनी ने सेना से अधिकारी स्तर के लोगों को सबसे पहले प्रलोभन देकर अपना एजेंट बनाया ताकि निचले रैंक के लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाएं। आरोपितों ने निवेश पत्र, रसीद व रजिस्ट्रेशन की झूठी प्रोसेस दिखाकर निवेशकों को भरोसा दिलाया।





