ऊना : हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर के अपर अरनियाला रोड स्थित रेलवे लाइन के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ. सुबह के समय क्षेत्र में मौजूद प्रवासी श्रमिकों ने कपड़ों में लिपटे हुए शिशु को देखा और तुरंत स्थानीय लोगों तथा पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर पुलिस सहित विजिलेंस टीम भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी. नवजात के मृत पाए जाने से आसपास के लोगों में गहरा आक्रोश और संवेदना का माहौल है. वहीं, पुलिस इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए आसपास रहने वाले प्रवासी लोगों से पूछताछ कर रही है. स्वास्थ्य विभाग से भी हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि शिशु की पहचान और इस अमानवीय कृत्य के पीछे जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जा सके. दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार और बदायूं निवासी सुरजीत गाड़ी की मरम्मत के लिए ट्रक यूनियन के पास स्थित एक गेराज में पहुंचे थे. शौच हेतु रेलवे लाइन की ओर गए दोनों व्यक्तियों की नजर झाड़ियों में पड़े कपड़े के एक गठान पर पड़ी. नजदीक जाकर देखा तो उसमें नवजात शिशु मृत अवस्था में था. दोनों ने तुरंत पुलिस व स्थानीय लोगों को सूचना दी. विजिलेंस थाना के कर्मचारी सबसे पहले मौके पर पहुंचे, जबकि थाना सदर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में शिशु मृत पाया गया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस से शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है. आसपास के प्रवासी श्रमिकों से पूछताछ की जा रही है और स्वास्थ्य विभाग से हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड मांगा गया है. उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों का जल्द ही पता लगाया जाएगा।





