Home » Uncategorized » HP Assembly Session: तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र, आज पहुंचेगी सरकार…

HP Assembly Session: तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र, आज पहुंचेगी सरकार…

धर्मशाला: धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीत सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए मंगलवार को विधायक और अधिकारी धर्मशाला के लिए रवाना हो जाएंगे। सत्र को लेकर धर्मशाला में वीआईपी मूवमेंट बढ़ जाएगी। इसके लिए सरकार सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी धर्मशाला पहुंचेंगे। शीत सत्र के चलते धर्मशाला के बजाय अब तपोवन में फरियादियों की आवाजाही बढ़ेगी। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालने के लिए पुलिस जवान अधिकारी सोमवार शाम को ही धर्मशाला पहुंचना शुरू हो गए और मंगलवार को ड्यूटी ब्रीफ के बाद सेक्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात हो जाएंगे। शीत सत्र के लिए धर्मशाला में तैयारियों को लेकर सभी विभाग सोमवार को डटे रहे। अधिकारियों ने भी दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। सत्र के लिए दोनों ही विधायक दल मंगलवार को धर्मशाला में रणनीति बनाएंगे। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल एक-दूसरे को सदन के भीतर घेरने की रणनीति पर मंथन करेंगे। साथ ही सत्र को लेकर अधिकारियों की बैठकों का दौर भी सोमवार को जारी रहा। शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय पहुंच चुके हैं। सत्र 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक तपोवन में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *