Home » Uncategorized » मंडी में एसिड अटैक से मरी महिला का अंतिम संस्कार:हनुमान घाट पर बेटे ने दी मुखाग्नि; शाम को निकाला जाएगा कैंडल मार्च

मंडी में एसिड अटैक से मरी महिला का अंतिम संस्कार:हनुमान घाट पर बेटे ने दी मुखाग्नि; शाम को निकाला जाएगा कैंडल मार्च

शिमला: बहुचर्चित तेजाब कांड की पीड़िता ममता के शव का शुकव्रार को अंतिम इच्छा अनुसार हनुमान घाट में अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। पीड़िता ने बुधवार देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने रात 11:45 बजे उन्हें मृत घोषित किया। तेजाब कांड के बाद से की महिला की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। जीवन के अंतिम क्षणों में ममता ने मंडी के हनुमान घाट में ही अंतिम संस्कार की इच्छा जताई थी और साफ कहा था कि उनका संस्कार मायका पक्ष ही करे। साथ ही आरोपी पति को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात भी उन्होंने कही थीं।

जानिए पूरा मामला
15 नवंबर को सैण मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के दौरान पति नंदलाल ने पहले ममता को पहली मंजिल से धक्का दिया और फिर उस पर तेजाब फेंक दिया था। बुरी तरह झुलसी ममता को पहले एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन संक्रमण और सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर उन्हें अगले दिन पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। यहां आईसीयू में कई दिनों तक मौत और जिंदगी के बीच जूझने के बाद बुधवार रात महिला ने दम तोड़ दिया। मंडी जिले में तेजाब कांड पहले भी दो बार हो चुका है। इनमें युवतियां तेजाब की चपेट में आने से झुलस गई थीं, लेकिन यह पहली बार है कि तेजाब कांड में महिला की मौत रिपोर्ट हुई है। इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया में भी महिला के पुराने वीडियो व फोटो खूब वायरल हो रहे हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं ममता को न्याय दिलाने की मांग अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसी कड़ी में आज शाम 6 बजे ITI गेट से चौहट्टा बाजार तक एक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस नेता यदुपति ठाकुर ने लोगों से इस कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है।मृतक के परिजन स्थानीय महिलाएं और दूसरे लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *