. सोलनाइट स्नूकर अकैडमी में प्लेयर क्यू-कंसन्ट्रेशन से दिखाएंगे हुनर, विजेताओं को कैश प्राइज से किया जाएगा प्रोत्साहित
सोलन : सोलनाइट स्नूकर अकैडमी में शुक्रवार से शुरू हो रहे अमेच्योर स्नूकर टूर्नामेंट में जिले भर के उभरते खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। यह टूर्नामेंट केवल उन्हीं के लिए नहीं जो इसमें पारंगत है बल्कि उनके लिए भी खासतौर पर है जिन खिलाड़ियों ने अभी सीखना शुरू किया है, ताकि वे बिना किसी दबाव के प्रतियोगी माहौल का अनुभव कर सकें और इस रॉयल गेम के प्रति जागरूक हो सके। आयोजक करण शर्मा ने बताया कि सभी मुकाबले बेस्ट ऑफ-3 फ्रेम फॉर्मेट में होंगे और केवल गैर-प्रोफेशनल खिलाड़ियों को ही इसमें भाग लेने की अनुमति दी गई है। उनका कहना है कि यह प्लेटफॉर्म खास तौर पर उन युवाओं के लिए बनाया गया है जो खेल को सीख रहे हैं और अपनी तकनीक सुधारना चाहते हैं। विजेता को 10,000 रुपये और उपविजेता को 4,000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। करण शर्मा ने कहा कि पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और क्यू-कंट्रोल जैसे अहम पहलुओं के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। टूर्नामेंट के प्रति युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक करीब 50 खिलाड़ियों ने अपनी एंट्री कन्फर्म करवा दी है, जिससे प्रतियोगिता बेहद रोमांचक होने की संभावना है।टूर्नामेंट की क्लोज़िंग सेरेमनी सोमवार को आयोजित होगी, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजक समिति का कहना है कि सभी मैच फेयर-प्ले और स्पोर्ट्समैन शिप की भावना के साथ खेले जाएंगे।





