Home » Uncategorized » Delhi Car Blast: पुरानी कार बेचते वक्त की एक गलती पड़ सकती है भारी, जानिए कैसे ?

Delhi Car Blast: पुरानी कार बेचते वक्त की एक गलती पड़ सकती है भारी, जानिए कैसे ?

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब टू और फोर व्हीलर वाहनों की खरीद-फरोख्त के दौरान रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) का स्थानांतरण एक महत्त्वपूर्ण कानूनी प्रक्रिया बना दी गई है, जिसे मूल मालिक को अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। अगर वाहन की बिक्री के बाद भी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तो इसे कानूनी उल्लंघन माना जाएगा। इसके लिए मूल मालिक को सिविल और आपराधिक दंड का सामना करना पड़ सकता है। मोटर व्हीकल एक्ट में यह साफ तौर पर कहा गया है कि यदि वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट समय पर स्थानांतरित नहीं किया जाता, तो मूल मालिक को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। यह कदम प्रशासन ने इसलिए उठाया है, ताकि वाहन के मालिकों को कानूनी मामलों में आसानी हो और किसी भी दुर्घटना या विवाद के दौरान जिम्मेदारी सही मालिक पर हो। अगर ऐसा नहीं किया जाता और किसी दुर्घटना या कानूनी मामले में गाड़ी का नाम सही मालिक से संबंधित नहीं पाया जाता, तो बड़ी कानूनी समस्या बन सकती है। कई बार ऐसा देखने को मिला है कि गाड़ी को बेचने वाला मूल मालिक गाड़ी को दूसरे व्यक्ति को बेचने के बाद रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का स्थानांतरण नहीं करवाता है और जब गाड़ी किसी दुर्घटना या विवाद में फंसती है, तो संबंधित नोटिस मूल मालिक को भेजे जाते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का स्थानांतरण अब मूल मालिक के लिए अनिवार्य कर दिया है।

गाड़ी खरीदते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

सेकंड हैंड गाड़ी खरीदते वक्त सिर्फ गाड़ी की हालत नहीं, कागजों की भी जांच जरूरी है। खरीदने से पहले बेचने वाले की पहचान पक्की करें- उसकी ID, एड्रेस प्रूफ और पैन कार्ड की अटेस्टेड कॉपी लें। यह आगे किसी भी कानूनी दिक्कत में आपके काम आएगा। इसके बाद RC (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) देखकर यह सुनिश्चित करें कि कोई पेंडिंग चालान या रोड टैक्स बाकी नहीं है। कई बार पुराना मालिक ये फाइन नहीं भरता और बाद में परेशानी नए मालिक के सिर पड़ जाती है। अगर गाड़ी लोन पर खरीदी गई थी, तो यह सबसे जरूरी है कि फाइनेंसर यानी बैंक या फाइनेंस कंपनी से NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) ले लिया गया हो। जब तक RC से हाइपोथिकेशन हटती नहीं है, तब तक कानूनी तौर पर गाड़ी बैंक के नाम पर रहती है, आपके नहीं। इसलिए खरीद से पहले यह प्रोसेस पूरा करवा लें।

गाड़ी बेचते वक्त क्या करें, क्या न करें

अगर आप अपनी कार बेच रहे हैं तो कोशिश करें कि डील सीधे उस व्यक्ति से करें जो गाड़ी का फाइनल ओनर बनेगा। बिचौलियों के चक्कर में गाड़ी कई हाथों में जाती है लेकिन ट्रांसफर नहीं होता, जिससे बाद में आप पर जिम्मेदारी आ सकती है। RTO पेपर तभी साइन करें जब सभी कॉलम भरे हों। खाली फॉर्म पर साइन करना खतरे से खाली नहीं। इंश्योरेंस (NCB के साथ) तुरंत कैंसिल करें और नए ओनर को अपनी नई पॉलिसी खरीदने की सलाह दें। खरीदार के ड्राइविंग लाइसेंस और पते की कॉपी अपने पास रखें।

डिलीवरी नोट बनवाएं

गाड़ी सौंपने के बाद एक डिलीवरी नोट बनवाएं जिसमें यह लिखा हो कि गाड़ी किस तारीख को दी गई और कब तक उसे नए नाम पर ट्रांसफर करना है। इस दस्तावेज पर दोनों पक्षों के सिग्नेचर और दो गवाहों के नाम-पते जरूर हों। सेकंड हैंड गाड़ी खरीदना या बेचना कोई मुश्किल काम नहीं, लेकिन कानूनी पेपरवर्क पूरा करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी आपको आने वाले बड़े झंझटों से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *