लाइव हिमाचल/राजगढ़: सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल में एक 19 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक ने अपनी मां की डांट से नाराज होकर यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तुषार गेहाईक (पुत्र नैन सिंह, गांव ज्ञानकोट दोची) के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ एक क्वार्टर में रहता था। गुरुवार रात युवक की मां ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि उनका बेटा अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो युवक को पंखे से चादर के सहारे फंदे पर लटका हुआ पाया गया। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने बेटे के बैग से सिगरेट मिली थी, जिस पर उन्होंने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर तुषार अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की आगे जांच की जा रही है।





