Home » Uncategorized » नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से संधोल के छात्रों को दी गई आपदा प्रबंधन की सीख…

नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से संधोल के छात्रों को दी गई आपदा प्रबंधन की सीख…

धर्मपुर: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के सौजन्य और सूचना एवं जन संपर्क विभाग (हि.प्र.) के सहयोग से आज उपमंडल धर्मपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संधोल और राजकीय महाविद्यालय संधोल में समर्थ–2025 कार्यक्रम के तहत आपदा न्यूनीकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समुदाय को संभावित आपदाओं के प्रति सजग, तैयार और सहयोगी बनाना रहा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में समाज संगठित व प्रभावी रूप से प्रतिक्रिया दे सके। इस अवसर पर सर्वोदय हिम जागरण कला मंच त्रैम्बला के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और जनसंवाद के माध्यम से छात्रों को आपदा से बचाव के उपायों की जानकारी दी। नाट्य प्रस्तुतियों में भूकंप, बाढ़, आग और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक उपायों को सरल भाषा में समझाया गया। छात्रों को ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ तकनीक, बाढ़ के समय ऊँचे स्थानों पर जाने, आग लगने पर गीले कपड़े से मुंह-नाक ढकने तथा भूस्खलन के दौरान खुले स्थानों में रहने जैसी जरूरी बातें सिखाई गईं। साथ ही आपातकालीन किट में टॉर्च, दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री और जरूरी दस्तावेज रखने की सलाह दी गई। इस कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से आग्रह किया गया कि वे इन जानकारियों को अपने परिवार और समुदाय में साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक बन सकें। इस अवसर पर रा.व.मा.पा. संधोल के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह डोगरा, राजकीय महाविद्यालय संधोल के प्रधानाचार्य नरेश कुमार, शिक्षकों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]