Home » Uncategorized » शहनाई की गूंज के बीच मातमःशादी की खुशियों के बीच 24 वर्षीय युवक का कुएं में मिला शव…

शहनाई की गूंज के बीच मातमःशादी की खुशियों के बीच 24 वर्षीय युवक का कुएं में मिला शव…

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा में ग्राम पंचायत मुहल में शादी की खुशियां मातम में बदल गई. गांव जोल निवासी 24 वर्षीय ऋषभ कुमार की लाश घर के पास ही कुएं से बरामद हुई है. ऋषभ पंजाब के जालंधर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिन की छुट्टी लेकर घर आया था. बुधवार रात तक घर में डीजे की गूंज थी, लेकिन सुबह होते ही वही घर मातम की सिसकियों से गूंज उठा. जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ऋषभ ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ शादी में जमकर डांस किया. रिश्तेदारों के अनुसार, वह बेहद खुश था और देर रात तक सभी के साथ हंसी-मजाक करता रहा. घर में किसी को यह अंदेशा तक नहीं था कि अगली सुबह वह हमेशा के लिए सबको छोड़ जाएगा. गुरुवार तड़के जब शादी की रस्म के लिए मामा पानी भरने कुएं पर पहुंचे, तो उन्होंने कुएं में एक चप्पल तैरती देखी. शक होने पर जब पास जाकर देखा तो कुएं में एक शव नजर आया. जब शव को पहचानने की कोशिश की गई तो वह ऋषभ का ही था. यह दृश्य देखकर मामा के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की. पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि ऋषभ अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आया था. वह चार अन्य युवकों के साथ शादी में मौजूद था. उन्होंने कहा कि “सुबह जब मामा पानी भरने गए, तो उन्होंने कुएं में चप्पल तैरती हुई देखी. बाद में कुएं में ऋषभ का शव मिला. पुलिस को तुरंत सूचना दी गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा. जो भी कार्यवाही बनती है, वह की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]