Home » Uncategorized » हमीरपुर की बेटी मनीषा कुमारी का टौणीदेवी में भव्य स्वागत, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण पदक

हमीरपुर की बेटी मनीषा कुमारी का टौणीदेवी में भव्य स्वागत, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण पदक

हमीरपुर: हमीरपुर जिला के बमसन क्षेत्र के ऊटपुर गांव की बेटी मनीषा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बुधवार को गृह क्षेत्र टौणीदेवी पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मनीषा कुमारी अमर रहे’ जैसे नारे लगाए। उनकी एक झलक पाने के लिए सैकड़ों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। सबसे पहले अटल प्रेम सेवा संस्था के अध्यक्ष विजय बहल और वीरेंद्र ठाकुर ने मनीषा का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके बाद गायत्री आभूषण भंडार के एमडी संसार चंद सोनी ने भी मनीषा को सम्मानित किया। वहीं जिला बास्केटबॉल संघ ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए 11 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मान किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं। इनमें व्यापार मंडल टौणीदेवी के अध्यक्ष पवन सोनी, महासचिव संजीव चौहान, माता टौणीदेवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सरवन चौहान, महासचिव सुरेश शर्मा, समाजसेवी संसार चंद सोनी और राज बहल शामिल थे। सभी ने मनीषा की मेहनत, लगन और जीत की सराहना की। राजनीतिक जगत से भी मनीषा को भरपूर समर्थन मिला। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल काकू, भाजपा नेता सुनील चौहान और कांग्रेस नेता सुभाष ठाकुर भी मनीषा को सम्मानित करने पहुंचे। इस मौके पर टौणीदेवी स्कूल के एनएसएस छात्रों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी मनीषा का जोश से स्वागत किया। लोगों ने कहा कि मनीषा की यह ऐतिहासिक जीत हमीरपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। उनके संघर्ष और सफलता ने यह साबित कर दिया है कि अगर मेहनत और लगन हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12