Home » Uncategorized » होटलों से सस्ता किराया और शानदार लोकेशन अब आप भी बुक कर सकते हैं सरकारी रेस्ट हाउस, जानने के लिए क्लिक कीजिए यहां ?

होटलों से सस्ता किराया और शानदार लोकेशन अब आप भी बुक कर सकते हैं सरकारी रेस्ट हाउस, जानने के लिए क्लिक कीजिए यहां ?

शिमला : हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने सरकारी गेस्ट हाउस की बुकिंग ऑनलाइन कर दी है. हालांकि, सरकार ने इन गेस्ट हाउस के किराये में भी इजाफा किया है. लेकिन इस वजह से सरकार की आमदनी बढ़ी है. ऐसे में अब आम जनता से लेकर सैलानी भी इन रेस्ट हाउस को बुक कर सकते हैं. इससे पहले ये रेस्ट हाउस ऑफलाइन बुक होते थे. अब लोग हिम अतिथि (https://himatithi.nic.in/) नाम से बेबसाइट के जरिये बुकिंग कर सकते हैं. जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के सभी विश्राम गृहों की बुकिंग अब ऑनलाइन हो रही है. कमरों की बुकिंग के साथ-साथ कमरा नम्बर भी तुरन्त लोगों को मोबाइल या ई-मेल पर उपलब्ध होता है. लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि जून, 2025 से 10 अक्टूबर तक विश्राम गृहों की ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से दो करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि इसी दौरान प्रदेश प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा था. उन्होंने कहा कि अब बुकिंग ‘‘पहले आओ, पहले पाओ’’ के आधार पर हो रही है और तुरंत इसकी पुष्टि की जाती है. इस वर्ष जून माह से अब तक प्रतिदिन 276 विश्राम गृहों और 1000 से अधिक कमरों की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हुई है. बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत अग्रिम राशि ली जाती है, जिसके तहत हिमाचली नागरिकों के लिए 250 रुपये तथा गैर-हिमाचली के लिए 500 रुपये अग्रिम भुगतान का प्रावधान है. गौरतलब है कि सर्किट हाउस और पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में किराया 500 से 1200 रुपये के बीच रहता है. हालांकि, गैरहिमाचली के लिए दाम अलग रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से विश्राम गृहों की बुकिंग में इजाफा हुआ है. उन्होंने बताया कि हमीरपुर विश्राम गृह के कमरे पहले औसतन 62 प्रतिशत तक भरे रहते थे और यह प्रतिशतता अब ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से 85 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है. इसी प्रकार, तारा देवी विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 30 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत, धर्मशाला विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 50 प्रतिशत से बढ़कर 75 प्रतिशत तथा घुमारवीं विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 30 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई है. अभिषेक जैन ने बताया कि वे स्वयं विश्राम गृहों का दौरा कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इनका सही तरीके से रख-रखाव हो और आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन भी नियमित रूप से उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बताया कि पहले आम जनता के लिए लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृहों की बुकिंग आसानी से नहीं प्राप्त होती थी. वर्तमान सरकार ने यह निर्णय लिया कि सभी विश्राम गृहों की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी, ताकि आम जनता इस सुविधा से लाभान्वित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *