Home » Uncategorized » भ्रष्टाचार का नया तरीका, पटवारी ने ससुर के खाते में माँगी रिश्वत, मामला हुआ दर्ज

भ्रष्टाचार का नया तरीका, पटवारी ने ससुर के खाते में माँगी रिश्वत, मामला हुआ दर्ज

लाइव हिमाचल/नाहन : जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत सैर जगास में रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने पटवार वृत्त पबियाना के पटवारी अदब सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि पटवारी ने भूमि बंटवारे से जुड़े एक मामले में मदद करने के नाम पर 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के मुताबिक, पटवारी ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि यह रकम अधिकारियों तक पहुँचानी है और इसके लिए उसने एक बैंक खाता नंबर भी दिया। राजेश कुमार ने बताया कि उसने पटवारी के कहने पर 94,000 रुपए आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए और 6,000 रुपए नकद दिए। जांच में खुलासा हुआ कि ट्रांसफर की गई राशि पटवारी के ससुर के खाते में जमा हुई थी। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रकम ट्रांसफर होने के बाद पटवारी ने राजेश कुमार को व्हाट्सऐप पर “Thank You” संदेश भेजा था, जिससे रिश्वत लेन-देन की पुष्टि हुई। डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए हैं। इसी आधार पर पटवारी अदब सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और मोबाइल चैट को सबूत के रूप में कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *