Home » Uncategorized » नहीं रहे सोलन के डॉ. भूपेंद्र भारद्वाज, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस…

नहीं रहे सोलन के डॉ. भूपेंद्र भारद्वाज, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस…

लाइव हिमाचल/सोलन : सोलन के जाने-माने चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का सोमवार को चंडीगढ़ में देहावसान हो गया है। वे 73 वर्ष के थे। 1952 में जन्में डॉ. भूपेंद्र भारद्वाज ने सरकारी सेवा रहते हुए प्रदेश के लोगों की सेवा की। वह धर्मपुर, शिमला, रामपुर और क्षेत्रीय अस्पताल में कार्यरत रहे। सरकारी सेवा के दौरान वह गरीबों व जरूरतमंदों के प्रति समर्पित रहे। सेवा ही उनका धर्म रहा। सरकारी सेवा के उपरांत उन्होंने सोलन में निजी क्लीनिक खोला,वहां भी सेवा भावना से कार्य किया। उनके क्लीनिक को लोग गरीबों का क्लीनिक कहा करते थे। डॉ. भारद्वाज चिकित्सा के साथ-साथ प्रगतिशील किसान व बागबान भी थे। वे हास्य-व्यंग्य के भी माहिर कवि भी थे, रोगियों से उनका दोस्ताना रहता था और रोगियों के अलावा कुछ उनकी कविताओं को सुनने भी उनके पास आया करते थे। उनके पास आगंतुकों का मेला लगा रहता था। शिमला मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस व वहां से रेडियोलॉजी में एमडी कर जीवनपयंत लोगों की सेवा की। डॉ. परिवार से संबंध रखने वाले डॉ.भूपेंद्र भार्दवाज के पिता स्वर्गीय डॉ. सोमदत्त भारद्वाज भी एक जाने-माने चिकित्सक थे। डॉ. भूपेंद्र भारद्वाज का अंतिम संस्कार मंगलवार यानि 7 अक्टूबर को 11 बजे चंबाघाट स्थित शमशानघाट में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *