Home » Uncategorized » रिवालसर में मिशन वात्सलय, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय और सुख शिक्षा योजना पर दी जानकारी…

रिवालसर में मिशन वात्सलय, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय और सुख शिक्षा योजना पर दी जानकारी…

लाइव हिमाचल/मंडी : जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा आज अंबेडकर भवन रिवालसर में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास रिवालसर खंड के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर ज़िला बाल संरक्षण अधिकारी एन.आर. ठाकुर ने विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन वात्सल्य का उद्देश्य बालश्रम, बाल यौन उत्पीड़न व बाल भिक्षावृत्ति को रोकना, झुग्गी-झोंपड़ी में रह रहे बच्चों को नशाखोरी से बचाना तथा यौन कर्मी व उपेक्षित वर्ग के बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना है। इसके अतिरिक्त असहाय, अनाथ और जिन बच्चों को उचित देखभाल और सुरक्षा की जरूरत है, उनकी मदद करना शामिल है जिसके लिए जिला बाल संरक्षण इकाई मंडी भरसक प्रयास कर रही है। अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की गई है। इसमें उनके रहन-सहन से लेकर शिक्षा व रोजगार तक सरकार की ओर से मदद प्रदान की जा रही है। उन्होंने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। संरक्षण अधिकारी शैलजा अवस्थी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, स्पॉन्सरशिप योजना, आफ्टर केयर योजना और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया बारे जानकारी दी। विधिक एवं प्रोबेशन अधिकारी रमा कुमारी ने बाल यौन शोषण, पॉक्सो व किशोर न्याय अधिनियम बारे प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया तथा बच्चों से जुड़ी इन सभी कल्याणकारी योजनाओं पर तैयार प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *