Home » Uncategorized » PM मोदी ने नवरात्रि के पहले दिन देशवासियों को दी शुभकामनाएं, साझा किया पंडित जसराज का मंत्र

PM मोदी ने नवरात्रि के पहले दिन देशवासियों को दी शुभकामनाएं, साझा किया पंडित जसराज का मंत्र

दिल्ली: देशभर में भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगे शारदीय नवरात्रि के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को इस पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक विशेष संदेश साझा करते हुए पीएम मोदी ने नवरात्रि को “साहस, संयम और संकल्प” की भावना से जुड़ा पर्व बताया।

प्रधानमंत्री ने लिखा,

“आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी! नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों के लिए मंगलकामनाएं करते हुए कहा कि माता शैलपुत्री का आशीर्वाद सबके जीवन में सौभाग्य और आरोग्य लेकर आए।

आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को दी नई दिशा

पीएम मोदी ने इस बार की नवरात्रि को विशेष बताते हुए कहा,

“इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है। GST बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान एक नई ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं। इस संदेश के ज़रिए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया। नवरात्रि की भक्ति को और भी भावपूर्ण बनाते हुए पीएम मोदी ने महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज द्वारा गाए गए एक मंत्र को भी साझा किया। उन्होंने कहा,
“नवरात्रि विशुद्ध भक्ति का पर्व है। बहुत से लोगों ने इस भक्ति को संगीत के माध्यम से व्यक्त किया है। पंडित जसराज जी द्वारा रचित एक ऐसा ही भावपूर्ण गायन आपके साथ साझा कर रहा हूं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया कि अगर उन्होंने कोई भजन गाया है या कोई पसंदीदा भजन है, तो वे उसे उनके साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह कुछ विशेष भजनों को अपने सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]