Home » Uncategorized » कोटखाई सड़क हादसा: पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक

कोटखाई सड़क हादसा: पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला शिमला के अन्तर्गत कोटखाई उप-मंडल के रामनगर गांव में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक अन्य घायल हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने घायल व्यक्तियों को उत्कृष्ट चिकित्सा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। बता दें कि सोमवार को कोटखाई थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई।  सम्पर्क मार्ग पर एक पिकअप वाहन लिंक रोड से गुजर रहा था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। खाई में गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटखाई थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। घायलों को तुरंत खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *