ऊना: ऊना के हरोली में बनने जा रहे बल्क ड्रग पार्क को पर्यावरण मंजूरी मिलने के बाद नामी कंपनियां हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र में निवेश करने को तैयार है। परियोजना को गति मिलने अब प्रदेश सरकार की ओर से दो इन्वेस्टर मीट करवाई जाएंगी। इसमें एक हिमाचल और दूसरी हिमाचल से बाहर की जाएगी। उद्योग विभाग इसकी प्लानिंग में जुटा है। बल्क ड्रग पार्क में फार्मा उद्योगों के लिए कच्चा माल तैयार किया जाना है। दिसंबर 2026 में पार्क में पहले चरण का काम शुरू हो जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल में इन्वेस्टर मीट करवाई जाएगी। इसमें देश और विदेश के नामी औद्योगिक घरानों को आने का निमंत्रण दिया जाएगा। मैन काइंड, अरविंदो और सनफार्मा जैसी नामी कंपनियां निवेश करने के लिए आगे आई हैं। प्रदेश सरकार का मानना है कि बल्क ड्रग पार्क में आईटी से संबंधित डिप्लोमा, डिग्री होल्डर को अच्छे पैकेज में नौकरी के अवसर प्रदान होंगे। 10 करोड़ रुपये का निवेश पार्क के भीतर जबकि बाहर 5000 करोड़ का निवेश होगा। 20 हजार से ज्यादा युवाओं को इसमें रोजगार मिलेगा। पार्क में 300.28 करोड़ से भाप तैयार करने वाला बॉयलर स्थापित किया जा रहा है।





