
हमीरपुर : हमीरपुर जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित एक सरकारी स्कूल में ऑनलाइन कक्षा के दौरान अश्लील वीडियो प्रसारित होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से न सिर्फ छात्र-छात्राएं बल्कि अभिभावक भी हैरान हैं। मामले की लिखित शिकायत एक छात्रा की माता ने पुलिस प्रशासन को दी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग ने भी इसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, भारी वर्षा के चलते विद्यालयों की छुट्टियों के बीच स्कूल प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया था। 4 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे राजनीतिक शास्त्र की ऑनलाइन कक्षा के दौरान लगभग 11:15 बजे एक छात्र ने क्लास में अश्लील वीडियो प्रसारित कर दी। अचानक हुई इस हरकत से छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। एक छात्रा ने तत्काल क्लास छोड़कर परिजनों को पूरी जानकारी दी। छात्रा और परिजनों ने घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी लेकिन शुरुआती स्तर पर इस मामले को दबाने का प्रयास किया गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जब छात्रा की माता ने लिखित में पुलिस को शिकायत दी तो शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन ने भी मामला पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस और साइबर सेल इस घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं।





