शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बैंक ऑफ बड़ौदा के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है. इस अधिकारी पर आरोप है कि उसने 3.70 करोड़ रुपये की राशि एक संस्था के खाते से बिना अनुमति अन्य खातों में ट्रांसफर की और बाद में ज्यादातर रकम नकद निकासी और अलग-अलग खातों के जरिए निकाल ली.
कैसे हुआ खुलासा?
जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा के डिप्टी रीजनल मैनेजर ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक, शिमला स्थित बैंक की एक शाखा में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक (सीनियर मैनेजर) ने 22 और 27 अगस्त को करीब 3.70 करोड़ रुपये की रकम एक महिला के खाते में ट्रांसफर कर दी. उसके बाद यह रकम अलग-अलग खातों में भेजकर धीरे-धीरे निकाल ली गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने तत्काल जांच शुरू की और पुलिस को इसकी जानकारी दी. फिलहाल पुलिस ने उस खाते को फ्रीज कर दिया है, जिसमें अभी लगभग 90.95 लाख रुपये शेष बचे थे. छोटा शिमला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने 7 सितंबर को लिखित बयान में यह स्वीकार किया कि उसने अज्ञात व्यक्तियों की मिलीभगत से निजी लाभ के लिए यह हेराफेरी की. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान उन व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है, जिनकी मिलीभगत से यह गबन किया गया। इस बारे में बैंक के आंतरिक ऑडिट विभाग और साइबर सेल भी मामले की जांच में सहयोग कर रहे हैं. घटना के बाद बैंक के ग्राहकों में भी चिंता का माहौल है. हालांकि, बैंक प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि ग्राहकों के हितों और खातों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



