इस तरह की अधिसूचना बार-बार जारी करना संघ का अपमान करने जैसा : जयलाल जलपाईक
संघ ने दी चेतावनी यदि विभाग ने इस तरह के फैसले थोपना बंद नहीं किया तो करेंगे कड़ा विरोध
लाइव हिमाचल/सोलन: शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा एक बार और अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें प्रवक्ताओं को कक्षा 6 से लेकर 12 वीं तक पढ़ाने के दिए गए आदेश को लेकर एच.पी.एस.एल.ए. सोलन जयलाल जलपाईक ने इसका विरोध करते हुए कहा कि हम पर इस प्रकार के आदेश बार-बार थोपे जा रहे हैं, जिसका हम विरोध करते हैं। हमारी स्पष्ट तौर राय है कि प्रवक्ता केवल उन्हीं स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक पढ़ाएँगे जहाँ टीजीटी के पद रिक्त हैं, जैसा कि आर एंड पी नियमों में उल्लेखित है। यदि हमें 6वीं से 12वीं तक पढ़ाना ही है, तो फिर संस्थान में टीजीटी का क्या औचित्य रह जाता है? संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे 6ठी से 12वीं तक पढ़ाने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें इस कार्य से जुड़े समस्त लाभ और अधिकार भी प्रदान किए जाने चाहिए। जयलाल जलपाईक ने कहा कि मानवता के आधार पर हम टीजीटी शिक्षकों की अनुपस्थिति में पहले भी कक्षाएं लेते आए हैं और भविष्य में भी लेंगे, लेकिन इस तरह की अधिसूचना बार-बार जारी करना संघ का अपमान करने जैसा है। वहीं संघ ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने इस तरह के फैसले थोपना बंद नहीं किया तो वे इसका कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विषय पर जल्द ही विभाग और सरकार के समक्ष मजबूती से बात रखी जाएगी।



