लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के परवाणू शहर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया। इसी श्रेणी में मध्य प्रदेश के देवास ने प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. प्रवीन चंद्र गुप्ता ने कहा कि परवाणू शहर को तीन लाख से कम जनसंख्या वाले नगरों की श्रेणी में देश के स्वच्छतम वायु वाले नगरों में से एक के रूप में पुरस्कृत किया गया है। इस पुरस्कार के साथ हिमाचल प्रदेश को 25 लाख की नकद राशि भी प्राप्त हुई है, जो क्षेत्र में स्वच्छ वायु की गुणवत्ता को बनाए रखने और और अधिक सुधार के लिए उपयोग की जाएगी। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सतत विकास तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्रेरित समेकित प्रयासों का परिणाम है। यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और परवाणू शहर के नागरिकों के समर्पित योगदान को दर्शाता है, जिन्होंने स्वच्छ और स्वस्थ वायु सुनिश्चित करने के लिए मिलकर प्रयास किए हैं। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि न केवल हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जनस्वास्थ्य के लिए निरंतर प्रयास करने के संकल्प को और भी सशक्त बनाती है।
वर्ष 2022 में आरंभ किया था पहला स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने वर्ष 2016 से 18 के दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक के आधार पर देशभर के प्रदूषित शहरों की सूची जारी की थी। हिमाचल के सात शहरों को प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल किया था। वर्ष 2022 में पहला स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार आरंभ किया ताकि इन शहरों की वायु को स्वच्छ बनाया जा सके।
कैसे मिली सफलता
- परवाणू ने गत वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिनकी बदौलत वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आई।
- सड़कों पर एंड-टू-एंड पेविंग और मैकेनिकल स्वीपिंग।
- पुरानी डंपिंग साइट की बायोरेमेडिएशन और नागर वाटिका का निर्माण।
- निर्माण एवं ध्वंस अपशिष्ट का व्यवस्थित प्रबंधन।
- हरित क्षेत्र विकास और पौधारोपण।
- स्वच्छ ईंधन उद्योगों के प्रदूषण को कम करना।
- इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की स्थापना।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 में सात शहरों की स्थिति
- शहर कुल अंक देश में स्थान
- परवाणू 191.5 2
- नालागढ़ 187.2 6
- बद्दी 183.3 10
- पांवटा साहिब 181.5 12
- डमटाल 169.6 22
- सुंदरनगर 168.7 24
- काला अंब 166 27





