Home » Uncategorized » Road Accident: चिंतपूर्णी में अनियंत्रित होकर स्कूल की दीवार से जा टकराई पंजाब रोडवेज की बस…

Road Accident: चिंतपूर्णी में अनियंत्रित होकर स्कूल की दीवार से जा टकराई पंजाब रोडवेज की बस…

लाइव हिमाचल/ऊना: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पंजाब रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर स्कूल में जा घुसी। मुबारिकपुर से भरवाईं सड़क पर पड़ते सिद्ध चलेहड़ में सोमवार सुबह यह हादसा हुआ। धर्मशाला से चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की यह बस अचानक अनियंत्रित होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिद्ध चलेहड़ की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल की दीवार टूटकर गिर गई। बस आधी स्कूल परिसर में जा पहुंची। गनीमत रही कि उस समय स्कूल बंद था और बच्चे अभी नहीं पहुंचे थे, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। यदि स्कूल समय यह हादसा हुआ होता तो बच्चों को भी नुकसान हो सकता था। यह स्कूल सड़क के बिलकुल पास ही है, इस कारण यहां लगातार खतरा रहता है।

बस में सवार थे 20 यात्री

बस में करीब 20 यात्री सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई है। जानकारी के अनुसार हादसे का कारण बस का स्टीयरिंग लाॅक होना बताया जा रहा है। चालक ने जैसे ही वाहन मोड़ने की कोशिश की, स्टीयरिंग फ्रीज हो गया और बस सीधे दीवार से जा टकराई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अंब से पुलिस दल घटना स्थल पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। बाद में यात्रियों को अन्य बसों के माध्यम से उनके गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया गया। थाना प्रभारी अंब अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *