पटना: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव अपनी दरियादिली के लिए जाने जाते हैं. वे अक्सर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते हैं और कोई भी उनके पास खाली हाथ नहीं लौटता. इसी कड़ी में अब उन्होंने बाढ़ से जूझ रहे राज्यों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. पप्पू यादव ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और गुजरात के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपने सांसद के रूप में मिलने वाले पांच महीने का वेतन दान करने की घोषणा की है.
सांसद ने ट्वीट कर लिखा…
उन्होंने इस संबंध में एक ट्वीट करते हुए लिखा, “मैं सांसद के रूप में अपने पांच महीने का वेतन देश के अभूतपूर्व बाढ़ पीड़ित राज्यों के लोगों के लिए समर्पित कर रहा हूं.” उन्होंने बताया कि वह दो महीने का वेतन हिमाचल प्रदेश, दो महीने का पंजाब और एक महीने का वेतन गुजरात के बाढ़ पीड़ितों को देंगे. पप्पू यादव ने अपने ट्वीट में पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आई भयंकर बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर चिंता जताई. उन्होंने गुजरात की स्थिति को भी चिंताजनक बताया. उन्होंने यह भी कहा कि अगर बाढ़ की स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो वह अपने पूरे साल का वेतन बाढ़ पीड़ितों को दान कर देंगे. इतना ही नहीं, पप्पू यादव ने यह भी घोषणा की कि वह खुद इन राज्यों में जाकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा करेंगे. उनका यह कदम उन सभी लोगों के लिए एक मिसाल है जो सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक हैं. पप्पू यादव का यह फैसला उनकी जनता के प्रति गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है. यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह की मदद की घोषणा की है. वे हमेशा से ही आपदाओं और संकट के समय लोगों के साथ खड़े रहे हैं. उनकी इस पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है और इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है। पप्पू यादव की इस घोषणा के बाद से सोशल मीडिया पर भी उनकी सराहना हो रही है. लोग उनकी इस उदारता की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे जन प्रतिनिधि ही सच्चे मायनों में जनता के सेवक होते हैं।
अभी कहां कैसी है स्थिति?
बाढ़ प्रभावित पंजाब में लोगों को लगातार हो रही भारी बारिश से कुछ राहत मिली है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (05 सितंबर, 2025) सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में पंजाब के लुधियाना में 9.8 मिमी, पटियाला में 1.8 मिमी, गुरदासपुर में 1.7 मिमी, फरीदकोट में 3.5 मिमी और रूपनगर में 0.5 मिमी बारिश हुई है. हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के बीच अब हालात सामान्य होने लगे हैं. मंडी में लगातार पांच दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद मौसम साफ हो गया है. ब्यास नदी का जलस्तर भी कम होने से स्थिति सामान्य हो रही है. जानकारी के अनुसार, पिछले पांच दिनों से भूस्खलन के कारण बंद पड़े चंडीगढ़-मनाली हाईवे के खुलने की संभावना है. मलबे को हटाने के लिए मशीनरी लगातार काम कर रही है।





