शिमला: केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में किए गए बड़े बदलाव से आम जनता को तो राहत मिलेगी, लेकिन हिमाचल प्रदेश को भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ेगा। राज्य के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश को करीब एक हजार करोड़ रुपये का घाटा होगा। यह जानकारी उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सचिवालय में दी। जीएसटी कम होने से काफी चीजें सस्ती हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से बात कर जीएसटी स्लैब कम होने से राज्य को होने वाले नुकसान की भरपाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आपदा ने तबाही मचाई है। अब तक हिमाचल को 3,787 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वर्ष 2023 में 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ। केंद्र ने सिर्फ 1500 करोड़ की मदद की। अब जीएसटी स्लैब में बदलाव से सरकारी खजाने में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि आपदा के चलते उद्योगों को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल को आपदा राज्य घोषित करने का आग्रह किया। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहा है। वर्ष 2023 में आई भीषण आपदा से प्रदेश को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जबकि केंद्र सरकार से केवल 1500 करोड़ रुपये की सहायता मिली थी। इस वर्ष भी अब तक प्रदेश को साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। ऐसे में जीएसटी से होने वाला यह नया घाटा सरकारी खजाने पर और बोझ डालेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मुद्दे पर पहले ही केंद्रीय वित्त मंत्री से बात की है और केंद्र से आग्रह किया है कि राज्यों को हो रहे इस नुकसान की भरपाई की जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। उद्योग मंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्य इस विषय पर खुलकर कुछ नहीं कह रहे, लेकिन गैर-भाजपा शासित राज्य केंद्र सरकार से इस कमी को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल के जंगलों को फोरेस्ट गार्ड के हवाले छोड़ दिया गया है। आईएफएस अधिकारी जंगलों में नहीं जाते हैं। चंबा के रावी नदी में टनों के हिसाब से स्लीपर आए हैं। यह जांच का विषय है। अगर पेड़ आते तो लगता कि आपदा के चलते भूमि कटाव हुआ है। लेकिन नदी में स्लीपरों के आने से यह तो क्लीयर है कि जंगलों में अवैध कटान हुआ है।





