शिमला: पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में ट्रैफिक पुलिस अब भी बाहरी राज्यों की गाड़ियों के चालान कर सकती है। हालांकि चंडीगढ़ के आईजी ने बेवजह गाड़ियों को न रोकने के निर्देश दिए हैं। अब चंडीगढ़ में दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को बेवजह ट्रैफिक पुलिस नहीं रोकेगी। चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने साफ-साफ निर्देश दिए हैं कि केवल उन्हीं वाहनों का चालान किया जाएगा जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेंगे, फिर चाहे वह वाहन चंडीगढ़ का हो या किसी अन्य राज्य का। यह फैसला लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लिया गया है जिसमें ट्रैफिक पुलिस पर बेवजह रोकने और रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे। आईजी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का मुख्य उद्देश्य चालान काटना नहीं बल्कि शहर में यातायात को सुचारू बनाना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि अब चालान के लिए मुख्य रूप से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का उपयोग किया जाएगा जिसके तहत लगे ऑटोमेटिक कैमरे खुद ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान करेंगे। जरूरत पड़ने पर ही मैनुअल चालान किए जाएंगे लेकिन बिना किसी कारण के किसी भी वाहन को नहीं रोका जाएगा। शिकायतों के बाद आईजी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे वाहन चालकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करें। यदि कोई वाहन पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली या किसी अन्य राज्य से आता है और नियमों का पालन करता है तो उसे नहीं रोका जाना चाहिए। हालांकि, अगर कोई नियम तोड़ता है तो कार्रवाई करने की पूरी छूट होगी। यह बदलाव लागू करना एक चुनौती भी है क्योंकि फिलहाल चंडीगढ़ के सभी ट्रैफिक जंक्शनों पर ऑटोमेटिक कैमरे नहीं लगे हैं। 163 क्यू-डिटेक्शन (क्यूडी) कैमरे केवल 40 जंक्शनों पर ही हैं जबकि 64 जंक्शनों पर यह सिस्टम मौजूद नहीं है। ये कैमरे भी केवल लालबत्ती तोड़ने और जेब्रा क्रॉसिंग जैसे मामलों को ही पकड़ पाते हैं। अन्य नियमों के उल्लंघन पर निगरानी के लिए अभी भी मैनुअल चालान ही एकमात्र विकल्प है। सेक्टर-45/46/49/50 चौक के पास रिश्वत लेने के एक मामले में 26 जुलाई को एक ट्रैफिक सिपाही प्रवीन को सस्पेंड कर दिया गया। उस पर एक कार सवार परिवार से 500 रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। वाहन चालकों की ओर से बनाए गए वीडियो में ट्रैफिक सिपाही पैसे लेते हुए साफ नजर आ रहा है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और शिवालिक विकास मंच के अध्यक्ष एडवोकेट विजय बंसल ने भी अधिकारियों और राज्यपाल से शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि ट्रैफिक पुलिस का बेवजह चालान करना और रिश्वत लेना एक गंभीर समस्या बन चुकी थी जिससे दूसरे राज्यों के लोग चंडीगढ़ आने से कतराने लगे थे।





