लाइव हिमाचल/सोलन: कंडाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक खेत से दो टुलू पंप मोटरें चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव चौहड़ा निवासी उमेश कुमार ने 18 जुलाई को पुलिस थाना कंडाघाट में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी जमीन गांव किण (डाकघर बीशा, तहसील कंडाघाट) में स्थित है, जहां खेतों की सिंचाई के लिए उन्होंने दो टुलू पंप मोटरें एक कमरे में रखी थीं। शाम को जब वे खेत पर पहुंचे तो पाया कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और दोनों मोटरें गायब थीं। चोरी की गई मोटरों की अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार बताई गई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कंडाघाट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में चायल रोड की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर 28 वर्षीय रवि पुत्र नंदलाल, निवासी गांव रोलपा, आंचल सल्यान, नेपाल को चायल रोड कंडाघाट से गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई दोनों टुलू पंप मोटरें बरामद कर ली गईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रवि सैंज गांव में किराए पर रह रहा था और गाड़ी चलाने का काम करता है। वह चोरी की गई मोटरें अपनी स्कूटी पर लादकर कबाड़ी की दुकान में बेचने के लिए जा रहा था। आरोपी की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।गिरफ्तार आरोपी को 19 जुलाई को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





