Home » ताजा खबरें » सोलन पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा आदतन नशा तस्कर…

सोलन पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा आदतन नशा तस्कर…

Oplus_131072

लाइव हिमाचल/सोलन : जिला पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और कुख्यात और आदतन नशा तस्कर को प्रिवेंटिव कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। आरोपी पंकज कुमार पुत्र जोगिंदर कुमार, निवासी गाँव थड़े की ठाकुरद्वारा, डाकघर मांडोधार, तहसील कसौली, जिला सोलन को पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने PIT NDPS Act 1988 की धारा 3(1) के अंतर्गत निवारक हिरासत में लेकर तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध चिट्टा तस्करी के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें वह ज़मानत पर बाहर था। बावजूद इसके वह लगातार नशे के धंधे में लिप्त पाया गया। बार-बार पकड़े जाने के बावजूद जेल से छूटने के बाद आरोपी दोबारा नशा तस्करी शुरू कर देता था। जिला पुलिस ने बताया कि अब तक कुल चार आदतन अपराधियों को PIT NDPS एक्ट के तहत जेल भेजा जा चुका है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश सरकार और सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुसार की गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की निवारक कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया जा सके। पुलिस अधीक्षक, सोलन ने साफ़ किया कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख़्त निगरानी और क़ानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को तुरंत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *