Home » ताजा खबरें » बोर्ड विद्यार्थियों को पढ़ाएगा हिमाचल का इतिहास

बोर्ड विद्यार्थियों को पढ़ाएगा हिमाचल का इतिहास

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सूबे के विद्यार्थियों को हिमाचल के इतिहास के बारे में अवगत करवाएगा। इसके लिए पाठ्यक्रम में संशोधन कर इतिहास को दर्शाने वाले विषय शामिल किए जाएंगे। यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की धर्मशाला में हुई रिव्यू बैठक के बाद पत्रकारवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा को लेकर कई अहम फैसले लिए हैं। कम संख्या वाले स्कूलों को मर्ज कर अन्य स्कूलों में सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मर्ज हुए स्कूलों के खाली पड़े भवनों को कोई भी विभाग या संस्था अपने प्रयोग के लिए ला सकती है, ऐसी सरकार ने व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड ने पिछले दो-ढाई साल में कुछ हट कर कार्य किया है, जोकि प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड ने अपनी कार्यप्रणाली में छात्र हित में कई बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर संस्थान खोलने से ही सत्ता अपनाई जा सकती है तो कांग्रेस सरकार ने भी अपने पिछले कार्यकाल में कई संस्थान खोले थे, लेकिन उन्हें फिर भी सत्ता से बाहर होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि संस्थान खोलने के बजाए उनमें आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाना जरूरी है, ताकि शिक्षा के स्तर को बढ़ाया जा सके। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से उनके कार्यों का ब्योरा लेते हुए, शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम को तैयार करते समय बच्चों का समग्र विकास ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए वर्षभर कड़ी मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं से जुड़े सभी कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सजग है और उनसे जुड़े पहलुओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहनीय नहीं है। पेपर सेटिंग और पेपर चेकिंग की व्यवस्था में पारदर्शिता का पूरा ध्यान दिया जाए। साथ ही निरंतर इस प्रक्रिया में रोटेशन की जाए। इन प्रक्रियाओं से संबंधित कहीं भी कोई सुधार की आवश्यकता हो तो उसे तुरंत करें। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने बोर्ड कर्मचारी यूनियन से भी बैठक की। उन्होंने बोर्ड कर्मचारियों की मांगों को ध्यान से सुना और बोर्ड प्रबंधन को जल्द उनकी मांगों को पूरा करने को कहा। इस मौके बोर्ड के अध्यक्ष और उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और सचिव स्कूल शिक्षा बोर्ड डॉ. मेजर विशाल सहित बोर्ड के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *