Home » ताजा खबरें » निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए साक्षरता क्लब : मनमोहन शर्मा

निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए साक्षरता क्लब : मनमोहन शर्मा

Oplus_131072

लाइव हिमाचल/सोलन: भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन ज़िला में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए ज़िला के समस्त शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब स्थापित किए गए हैं। यह जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब ज़िला के माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों में विशेष रूप से बनाए गए हैं। इनका लक्ष्य 14 से 17 वर्ष के भावी मतदाताओं को निर्वाचन सम्बन्धी सम्पूर्ण जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निर्वाचन शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए योग्य छात्रों को जागरूक करना इनका उद्देश्य है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य चुनावों में भागदारी करने और सोच-समझकर व नैतिकता के साथ वोट देने की संस्कृति विकसित करने और ‘हर वोट महत्वपूर्ण है’ तथा ‘कोई मतदाता न छूटे’ के सिद्धांतों का पालन करना है। मनमोहन शर्मा ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का आयोजन प्रत्येक शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव पाठशाला का आयोजन प्रत्येक मतदान केन्द्र में प्रत्येक माह के पहले शनिवार को किया जाएगा। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने 18 वर्ष की आयु या उसके अधिक आयु वर्ग के पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि जिन्होंने अभी तक मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज नहीं किए है वह अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करने के लिए प्रारुप-6 ऑनलाईन, वोटर पोर्टल, एन.वी.एस.पी. व ऑफलाईन माध्यम से अपने बूथ स्तरीय अधिकारी या सम्बन्धित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी के कार्यालय में जमा करवाएं ताकि लोकतंत्र को मज़बूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *