लाइव हिमाचल/सुंदरनगर : भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा आज राज्य के सभी जिलों में एक साथ धरना प्रदर्शन कर पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने की मांग को लेकर जोरदार विरोध दर्ज करवाया गया। इसी क्रम में संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।इस अवसर पर मुख्य वक्ता राकेश जमवाल के साथ -साथ विधायक दलीप ठाकुर, जिलाध्यक्ष हीरालाल, रजत ठाकुर ने भी जनसभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री ओम प्रकाश, नगरपरिषद अध्यक्ष जीतेन्द्र शर्मा और जिला, मंडल के पदाधिकारी व भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता व सुंदरनगर से विधायक राकेश जमवाल ने मुख्य रूप से राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी नागरिक हिमाचल में रह रहे हैं और उनकी संलिप्तता संदिग्ध गतिविधियों से जोड़ी जा रही है, जो न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। राकेश जमवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि देश में रह रहे पाक नागरिकों की शीघ्र पहचान कर उन्हें निष्कासित किया जाए, परंतु कांग्रेस सरकार इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह मौन है। यह आंखें मूंदे बैठना देश की शांति और अखंडता के लिए खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का हवाला देते हुए कहा कि जब देश के पर्यटकों को भी आतंकवादी निशाना बना रहे हैं, ऐसे में हिमाचल जैसे शांतिपूर्ण प्रदेश को लेकर और अधिक सतर्कता आवश्यक हो जाती है। उन्होंने चेताया कि अगर प्रदेश सरकार ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की तो राष्ट्रविरोधी ताकतें यहां भी अपनी जड़ें जमा सकती हैं। राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वोटबैंक के मोह में सरकार प्रदेश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रहित के मामले में भी कांग्रेस की प्राथमिकता राजनीति ही रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का यह आंदोलन किसी धर्म या व्यक्ति के विरोध में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित में है। भाजपा प्रदेश के हर जिले में जनजागरण करेगी और सरकार को जागरूक करने का कार्य करती रहेगी। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में भाजपा का साथ दें और सरकार पर दबाव बनाएं कि वह समय रहते कठोर निर्णय ले। सुंदरनगर में यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न हो और संदिग्ध पाक नागरिकों की शीघ्र पहचान कर उन्हें निष्कासित किया जाए।





