Home » ताजा खबरें » हिमाचल में रह रहे पाक नागरिकों की पहचान कर निकाला जाए बाहर, भाजपा ने आज प्रदेशभर में निकालीं रोष रैलियां…

हिमाचल में रह रहे पाक नागरिकों की पहचान कर निकाला जाए बाहर, भाजपा ने आज प्रदेशभर में निकालीं रोष रैलियां…

लाइव हिमाचल/शिमला: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 27 निर्दोष हिंदू पर्यटकों की निर्मम हत्या के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किए। इसी क्रम में शिमला जिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में सीटीओ चौक पर विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई कायराना आतंकी घटना के विरोध में किया गया। इस अवसर पर पाकिस्तानी नागरिकों का प्रदेश से निष्कासन करने के लिए डीसी को ज्ञापन भी सौंपा गया। वहीं धर्मशाला में भी पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में भाजपा ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि हिमाचल में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश भेज दिया जाए। इस दौरान उपायुक्त को मांगपत्र भी साैंपा।

सोलन में पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की मांग को लेकर निकाली गई रैली
भाजपा ने सोलन में पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान सोलन के पुराने विश्राम गृह से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक एक रोष रैली निकाली गई। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रदेश से सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की सरकार से मांग उठाई गई। इसमें भाजपा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला भाजपा ऊना के बैनर तले भाजपा ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह ऊना से मिनी सचिवालय तक रोष रैली निकालकर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदेश सरकार से पाकिस्तानी नागरिकों को हिमाचल छोड़ने की मांग की और कहा कि इस समय प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैया किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पूर्व मंत्री राकेश पठानिया के नेतृत्व में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास की अगुवाई में रैली निकाली गई। इसमें पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर पूर्व विधायक सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार को खूब कोसा। नाहन में भाजपा की ओर से जिले स्तरीय एक रैली निकाली गई, जिसमें पाकिस्तानियों देश छोड़ो का नारा देते हुए उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में पहलगांव में हुए आतंकी हमले के मध्यनजर देश में रह रहे पाकिस्तानियों को देश से बाहर निकालने की मांग की गई। जिला मुख्यालय ढालपुर में पहलगाम हमले के बाद हिमाचल और कुल्लू में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस अपने देश भेजने को लेकर भाजपा ने प्रदर्शन किया है। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। साथ की भाजपा ने कांग्रेस सरकार को भी घेरा। इस मौके पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, नरोत्तम ठाकुर सहित कई भाजपा के बड़े नेता शामिल थे।
पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के लिए भाजपा ने किया सेरी मंच पर प्रदर्शन 
वैध एवं अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के तत्काल भारत छोड़ने सहित कार्रवाही करने के संबंध सोमवार को भाजपा ने मंडी के सेरी मंच पर हल्ला बोला। इसके बाद मंडी जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा। सेरी मंच पर एकत्र होकर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामन्त्री बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि  प्रदेश सरकार जल्द  पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करे और आवश्यक कार्रवाई अमल पर लाए। वहीं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल  की अगुवाई में एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा गया। इसमें भारत में रह रहे अवैध और वैध पाकिस्तान के नागरिकों को उनके देश वापस  भेजने की मांग की । इस मौके पर सुंदरनगर संगठनात्मक जिला के सभी विधायकों और भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदेश में वैध एवं अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत सरकार के आदेश के अनुरूप प्रदेश से निष्कासित करने की मांग को लेकर भाजपा ने हमीरपुर ने गांधी चौक हमीरपुर में रैली का आयोजन किया, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में आयोजित विरोध रैली में भाजपा विधायक आशीष शर्मा, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री व सभी मंडलों से आए पार्टी पदाधिकारियों से घटना की निंदा की और पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाही की मांग की। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा ने हाथों में तख्तियों कोलेकर अपना रोष व्यक्त किया। रैली के बाद उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल व मुख्यमंत्री को पाकिस्तानी नागरिकों को प्रदेश से निष्कासित करने का ज्ञापन दिया गया। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में वैध एवं अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत सरकार के आदेश के अनुरूप प्रदेश से निष्कासित करने को लेकर  2 मई तक कोई भी कार्रवाही नही की गई है। भाजपा जिला शिमला इस कायराना आतंकी हमले की घोर निंदा करती है और वीरगति को प्राप्त सभी पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है। साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा आतंकवाद के विरुद्ध उठाए गए सभी कड़े कदमों का समर्थन करती है और मांग करती है कि देश की आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *