लाइव हिमाचल/सोलन: प्रदेश के शहरी विकास विभाग द्वारा क्रियान्वित ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ योजना में नगर निगम सोलन प्रदेश के सभी नगर निगमों में अव्वल रहा है। नगर निगम सोलन ने योजना के अंतर्गत तीनों प्रमुख घटकों के मूल्यांकन में 86.5 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है इस सफलता ने सोलन को न केवल राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाया है, बल्कि नागरिक सेवाओं और शहरी प्रबंधन में भी एक नई मिसाल पेश की है. यह योजना प्रदेश सरकार द्वारा 60 दिनों की समयावधि में लागू की गई थी, जिसमें नगर निकायों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार, और जनभागीदारी बढ़ाने जैसे विभिन्न मानकों पर कार्य करना था. इस दौरान सोलन नगर निगम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्ययोजनाएं तैयार कीं और उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया।
नगर निगम मेयर ऊषा शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “यह उपलब्धि सोलन नगर निगम के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और सबसे महत्वपूर्ण शहरवासियों के सहयोग और मेहनत का परिणाम है. हमने मिलकर स्वच्छ और समृद्ध शहर की दिशा में कदम बढ़ाया है, और यह सम्मान हम सभी के लिए गर्व की बात है.”
शहरी विकास विभाग की जानकारी के अनुसार, सोलन ने स्वच्छता से जुड़े बिंदुओं पर विशेष फोकस किया, जैसे कि:
-ठोस कचरा प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था,
-सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई,
-नागरिकों में जागरूकता फैलाना,
-और पारदर्शी निगरानी प्रणाली।
धर्मशाला नगर निगम 86 अंक के साथ दूसरे व पालमपुर नगर निगम 84 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा है। बताते चलें कि प्रदेश शहरी विकास विभाग द्वारा ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ योजना क्रियान्वित की गई थी। जिसमें 60 दिन के इस कार्यक्रम के तहत सभी नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में योजना के तीन प्रमुख कार्यक्रमों आईईसी सोर्स सेग्रीगेशन (एसबीएम), समाधान शिविरों व सिटीजन सेवा ऑनलाइन सर्विसीज के तहत कार्य करना था। सभी नगर निकायों ने योजना के तहत अपने क्षेत्र में इन कार्यों को अंजाम दिया और इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाई। इसके बाद ही शहरी विकास विभाग द्वारा प्रदेश के सभी आठ नगर निगमों की आकलन रिपोर्ट जारी की गई है। जिसमें सोलन नगर निगम 86.5 अंक के साथ पहले, धर्मशाला 86 अंक के साथ दूसरे, पालमपुर 84 अंक के साथ तीसरे, ऊना 76 अंक के साथ चौथे, बद्दी 74.5 अंक के साथ पांचवें, मंडी 69 अंक के साथ छठे, शिमला 63 अंकों के साथ सातवें और हमीरपुर नगर निगम 53 अंकों के साथ आठवें पायदान पर है। नगर निगम सोलन के कमिश्नर एकता काप्टा ने बताया कि प्रदेश के नगर निकायों में क्रियान्वित ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ योजना में सोलन नगर निगम पहले स्थान पर रहा है। यह उपलब्धि सभी कर्मियों व शहर के लोगों की मेहनत का नतीजा है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।




