Home » ताजा खबरें » बाप-बेटे की लड़ाई में पड़ोसी को चुकानी पड़ी अपनी जान की कीमत…

बाप-बेटे की लड़ाई में पड़ोसी को चुकानी पड़ी अपनी जान की कीमत…

लाइव हिमाचल/ऊना : ऊना जिले के हरोली उपमंडल के घालूवाल में स्वां नदी के किनारे झुग्गियों में रहने वाले बिहार के दो श्रमिक परिवारों में रविवार देर रात विवाद हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक व्यक्ति अपने बेटे के साथ गाली-गलौज कर रहा था। जब पड़ोसी ने उसे ऐसा करने से रोका तो तैश में आए परिवार ने हमला कर उसे मार डाला। आरोपितों ने बीच-बचाव करने आए पड़ोसी के बेटे व पत्नी पर भी हमला कर दिया। घायलों को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घालूवाल में स्वां नदी किनारे विश्राम गृह के पास झुग्गी बनाकर रह रहा सूचित महतो रविवार रात नशे में बड़े बेटे अंकुश के साथ बहस कर रहा था। शोर सुनकर पास ही झुग्गी में रहने वाले प्रमोद व उसकी पत्नी कबूतरी देवी ने सूचित महतो को गाली-गलौज करने से रोका। इस पर सूचित, उसकी पत्नी बेबी, बड़े बेटे अंकुश व छोटे बेटे अनीश ने राड, बेलचा व डंडे से प्रमोद को पीटना शुरू कर दिया। प्रमोद का बेटा व पत्नी बचाव करने आए तो उन पर भी हमला कर दिया। सिर पर प्रहार लगने से प्रमोद अचेत होकर गिर पड़ा, जबकि उसकी पत्नी व बेटा लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने पंडोगा पुलिस व 108 एंबुलेस को सूचित किया। रात करीब 11 बजे तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि व्यक्ति की हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय प्रमोद सिंह पुत्र रामचन्द्र सिंह निवासी गांव व डाकघर हरिणमार, तहसील व थाना बरियारपुर जिला मुंगेर, बिहार के रूप में हुई है। उनकी पत्नी कबूतरी देवी व बेटा मंटून अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने कबूतरी देवी की शिकायत पर आरोपित सूचित महतो उर्फ फौजी निवासी गांव बावू बगीचा, जिला खगड़िया बिहार व उसके बेटों अंकुश व अनीश को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *