Home » Uncategorized » राष्ट्रीय नेताओं पर अनुराग ठाकुर के आरोपों को लेकर भड़की कांग्रेस…

राष्ट्रीय नेताओं पर अनुराग ठाकुर के आरोपों को लेकर भड़की कांग्रेस…

शिमला: लोकसभा में वक्फ विधेयक पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है. हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार (4 अप्रैल) को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. इस दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अनुराग ठाकुर पर जमकर निशाना साधा. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, “हम इस मुद्दे को हाईकमान तक ले जाएंगे. हम अनुराग ठाकुर के बयान का कड़ा विरोध करते हैं. हम इसके खिलाफ पूरे देश में रैली निकालेंगे.” उन्होंने कहा कि हिमाचल में आपदा के समय जानमाल का बहुत नुकसान हुआ लेकिन बीजेपी सांसद ने कोई काम नहीं किया. इसके अलावा अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के लिए केंद्र में कोई आवाज नहीं उठाई. दरअसल, लोकसभा में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के कई नेताओं पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “कांग्रेस के समय में जो वक्फ बोर्ड बना, उसका तात्पर्य था ‘खाता न बही, जो वक्फ कहे वही सही’, यानी अगर वक्फ बोर्ड ने कह दिया कि यह जमीन उसकी है, तो वह जमीन उनकी हो जाती थी. अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में भ्रम फैलाया है और यह भ्रम फैलाने का कार्य जारी रखा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लाल किताब लेकर चलती है, जिसे वह संविधान कहती है, लेकिन वह संविधान नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि अगर आप संविधान को ध्यान से देखें, तो यह स्पष्ट होगा कि बाबा साहेब आंबेडकर का सपना था कि एक देश में एक ही संविधान रहेगा, लेकिन कांग्रेस ने एक देश में दो विधान बनाने का काम किया है. अब यह जनता के ऊपर है कि वह संविधान के साथ रहना चाहती है या वक्फ के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *