Home » ताजा खबरें » पुलिस भर्ती के लिए शुरू हुआ फिजिकल टेस्ट, 430 महिला कैंडिडेट्स ने दिखाया दमखम…

पुलिस भर्ती के लिए शुरू हुआ फिजिकल टेस्ट, 430 महिला कैंडिडेट्स ने दिखाया दमखम…

शिमला : शिमला के भराड़ी में मंगलवार से पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन 403 महिला उम्मीदवार भर्ती देने के लिए पुलिस ग्राउंड भराड़ी पहुंची। इनमे से 129 महिला उम्मीदवारों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को पास कर लिया है, जबकि बाकियों को नाकामी हाथ लगी है। बता दें कि पुलिस भर्ती की परीक्षा के लिए पहले दिन 800 महिला उम्मीदवारों की भर्ती होनी थी। इसमें से सिर्फ 403 महिला उम्मीदवार ही परीक्षा देने पहुंची। करीब 50 प्रतिशत उम्मीदवारों ने पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में पहले दिन भाग नहीं लिया। शिमला जिला में कुल 12,975 उम्मीदवार पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग ले रहे है। यह परीक्षा 11 अप्रैल तक चलनी है। पहले महिला उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसके बाद पुरूष उम्मीदवाराें को मौका मिलेगा। पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 1088 पदों के लिए यह परीक्षा करवाई जा रही है। अन्य जिलों में यह परीक्षा हो चुकी है। शिमला में पहले विधानसभा सत्र के कारण इस परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। पहले जहां यह परीक्षा 11 मार्च से शुरू होनी थी तो वहीं अब यह एक अप्रैल से शुरू हुई है। इस परीक्षा के लिए शिमला पुलिस के 250 से ज्यादा जवान भराड़ी में तैनात किए गए है, ताकि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बरतने की संभावना नहीं रहे। पुलिस भर्ती में अभ्यर्थी को निर्देश है कि वो किसी भी तरह का सामान साथ न लाएं और अभिभावकों को ग्राउंड के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। पुलिस भर्ती के लिए ग्राउंड में मोबाइल ले जाने की अनुमति भी नहीं है। इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति के नशे में होने की संभावना पुलिस को नजर आती है तो उसका डोप टेस्ट भी पुलिस करवाएगी। पुलिस भर्ती के अभ्यार्थियों को ग्राऊंड टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड की दो प्रतियां, हिमाचली बोनोफाइड प्रमाण पत्र दो प्रतियां, दसवीं और 12वीं कक्षा के प्रमाण पत्र, जन्म तिथि सत्यापन के लिए और यदि आरक्षित श्रेणी में आवेदन किया है तो उसका मूल प्रमाण पत्र साथ लाना जरूरी है। इसके अलावा फोटो युक्त प्रमाणपत्र, आधारकार्ड, वोटरकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस साथ लाने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *